Pune Crime News: पुणे में 17 साल के नाबालिग को उतारा मौत के घाट, पुराने विवाद के चलते दिनदहाड़े चाकू से वार कर हत्या
पुणे में दिन-ब-दिन अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच एक चौकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के घोरपडी-वानवडी इलाके में दिनदहाड़े एक 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Pune: पुणे शहर के घोरपडी-वानवडी इलाके से एक चौकाने वाली खबर सामने आ रही है। मंगलवार सुबह वानवडी के रामटेकडी में दिनदहाड़े एक नाबालिक बच्चे की हत्या होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि नाबालिगों में किसी बात को लेकर आपसी बहस चल रही थी। तभी अचानक दो लोगों ने एक 17 वर्षीय लड़के पर धारदार चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना में मारे गए बच्चे की पहचान 17 वर्षीय यश सुनील घाटे के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह यश घर से कॉलेज जाने के लिए निकला था तभी दो लड़कों ने उसे रास्ते में रोककर उस पर हमला कर दिया। इस दौरान धारदार चाकू से यश पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
दिनदहाड़े हत्या होने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस संबंध में यश के भाई प्रज्वल सुनील घाटे ने वानवडी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने 18 साल के साहिल लतीफ शेख और ताहिर खलील पठान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यश घाटे हडपसर इलाके के एक निजी कॉलेज में पढ़ता था। दोनों आरोपी भी उसी इलाके में रहते थे। यश, साहिल और ताहिर के बीच पहले भी बहस हुई थी। उस दौरान यह बहस केवल एक-दूसरे की ओर देखने के वजह से हुई थी। हालांकि, उस वक्त यश के भाई प्रज्वल ने हस्तक्षेप कर विवाद सुलझाया था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे यश घाटे और उसके दोस्त आदित्य चव्हाण, रेहान पठान और श्रेयश शिंदे जामा मस्जिद के सामने रामटेकड़ी से कॉलेज जा रहे थे। तभी साहिल शेख और ताहिर पठान ने पुराने विवाद के गुस्से के चलते यश को रास्ते में रोका। साहिल और ताहिर ने यश के साथ फिर से बहस शुरु कर दी।
इसी बहस के बीच आरोपियों ने यश पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर वानवडी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। साहिल और ताहिर हत्या कर भाग गए थे। पुलिस ने उनकी तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में वानवडी पुलिस आगे की जांच कर रही है।