नई दिल्ली

Priyanka Gandhi Slams BJP: अमित शाह को बचाने के लिए रची गई साजिश; धक्का-मुक्की की घटना पर प्रियंका गांधी ने लगाया भाजपा पर गंभीर आरोप

Spread the love

संसद में बुधवार को धक्का-मुक्की की घटना में दो सांसद घायल हो गए। जिसकी शिकायत दर्ज कराने राजग सांसद पुलिस थाने पहुंचे। वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए ये कहा है कि अमित शाह की खाल बचाने के लिए साजिश रची गई।

New Delhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राहुल गांधी द्वारा धक्का-मुक्की करने संबंधी भारतीय जनता पार्टी के आरोपों को खारिज करते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि यह सब गृह मंत्री अमित शाह की खाल बचाने के लिए रची गई साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसदों ने ‘गुंडागर्दी’ की और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को धक्का मारकर नीचे गिरा दिया।

‘खड़गे जी को धक्का मारकर जमीन पर गिरा दिया गया’

प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘राहुल जी आंबेडकर की तस्वीर लेकर और ‘जय भीम’ के नारे लगाते हुए संसद में जा रहे थे। उन्हें संसद में जाने से किसने रोका? हम कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन किसी को नहीं रोका।’ उन्होंने दावा किया, ‘सिर्फ अमित शाह जी की खाल बचाने के लिए यह साजिश रची गयी है कि भैया (राहुल) ने किसी को धक्का मारा है। मेरी आंखों के सामने खड़गे जी को धक्का मारकर जमीन पर गिरा दिया गया। इसके बाद माकपा के एक सांसद को धक्के मारकर उनके ऊपर गिरा दिया गया।’

सम्मान करते हैं तो ‘जय भीम’ का नारा लगाकर दिखाएं- प्रियंका

प्रियंका गांधी ने भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि अगर वे बाबासाहेब आंबेडकर का सम्मान करते हैं तो ‘जय भीम’ का नारा लगाकर दिखाएं। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘अगर देश को कोई भ्रम था तो वो अब दूर हो जाना चाहिए कि ये लोग संविधान की रक्षा करेंगे। इनकी असली भावना अमित शाह के मुंह से निकल गई है।’

धक्का-मुक्की की घटना की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे सांसद

संसद के प्रवेश द्वार पर बृहस्पतिवार को विपक्षी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों के बीच हुई धक्का-मुक्की के मामले में शिकायत दर्ज कराने अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज समेत राजग के तीन सांसद संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ठाकुर और स्वराज ने तेलुगू देशम पार्टी के एक सांसद के साथ पुलिस थाने में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

संविधान निर्माता बी आर आंबेडकर के कथित अपमान को लेकर संसद परिसर में विपक्ष और राजग सांसदों के बीच हुई धक्का-मुक्की में पूर्व मंत्री प्रतापचंद्र सारंगी घायल हो गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सारंगी को धक्का देने का आरोप लगाया हालांकि कांग्रेस नेता ने इस आरोप को खारिज कर दिया। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि इस धक्का-मुक्की में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत भी घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सारंगी और राजपूत को फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button