One Nation One Election: एक देश एक चुनाव बिल पर आज होगा JPC का ऐलान; जानिए दोनों सदनों से कुल कितने सदस्य होंगे
एक देश एक चुनाव बिल पर विचार के लिए संसद में जेपीसी का गठन हुआ। लोकसभा के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्य जेपीसी में शामिल हैं। भरतृहरि महताब जेपीसी के अध्यक्ष होंगे। इससे पहले बिल पर लोकसभा में वोटिंग हुई थी। विपक्ष के हंगामे के बाद बिल जेपीसी को भेजा गया।
New Delhi: सरकार ने एक साथ चुनाव कराने के प्रस्ताव वाले दो विधेयकों का परीक्षण करने संबंधी संयुक्त समिति में सदस्यों की संख्या 31 से 39 करने का प्रस्ताव दिया है। इससे समिति में अधिक दलों का प्रतिनिधित्व हो पाएगा। सरकार द्वारा प्रस्तावित लोकसभा सांसदों की सूची में अब शिवसेना (UBT), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक-एक सदस्य के अलावा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दो और समाजवादी पार्टी का एक और सदस्य शामिल है।
JPC में लोकसभा के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्य होंगे शामिल
शुक्रवार को सदन की कार्यसूची में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की ओर से दोनों विधेयकों को एक संयुक्त समिति के पास भेजने का प्रस्ताव है। समिति में लोकसभा के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्य शामिल होंगे। समिति में प्रस्तावित नए लोकसभा सदस्यों में भाजपा के बैजयंत पांडा और संजय जायसवाल, सपा के छोटेलाल, शिवसेना (यूबीटी) के अनिल देसाई, लोजपा की शांभवी और माकपा से के. राधाकृष्णन के नाम शामिल हैं। समिति दो विधेयकों का परीक्षण करेगी जिनमें एक देश एक चुनाव विधेयक और एक संविधान संशोधन विधेयक शामिल है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पी. पी. चौधरी के अलावा भाजपा के भर्तृहरि महताब और कांग्रेस की प्रियंका गांधी भी समिति के लिए प्रस्तावित लोकसभा सदस्यों में शामिल हैं। लोकसभा सदस्यों में से 17 भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के हैं, जिनमें 12 भाजपा के सदस्य हैं।
भरतृहरि महताब होंगे अध्यक्ष
बीजेपी सांसद भरतृहरि महताब वन नेशन वन इलेक्शन बिल के लिए गठित जेपीसी के अध्यक्ष होंगे। पहले इसमें लोकसभा से 21 सदस्यों और राज्यसभा से 10 सदस्यों को नामित किया गया था। इसे बाद में लोकसभ के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्यों में बदल दिया गया। जेपीसी में नई सूची के अनुसार, दोनों सदनों से मिलाकर कुल 39 सदस्य होंगे।