Marathi Asmita:मराठी लोगों संग अन्याय नहीं होगा, सीएम फडणवीस
ठाणे के कल्याण में मराठी परिवार पर हमले पर सीएम फडणवीस बोले, बेइज्जती बर्दाश्त नहीं होगी, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। अगरबत्ती विवाद से हुआ हिंसा।
Mumbai: महाराष्ट्र में अगरबत्ती के धुएं को लेकर मराठी परिवार की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विपक्ष की तरफ इस मुद्दे को जोरशोर से उठाए जाने के बाद सीएम फडणवीस को इस मुद्दे पर शुक्रवार को बयान जारी करना पड़ा। फडणवीस ने कहा कि कोई भी हमारी क्षेत्रीय पहचान पर हमला करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुंबई से सटे कल्याण में 18 दिसंबर को एक उत्तर भारतीय परिवार ने अगरबत्ती के धुएं से शुरु हुए विवाद के बाद हमला बोल दिया था। आरोप है कि मराठी लोगों पर अभद्र टिप्पणी की थी। शुक्रवार को आरोपी ने ठाणे पुलिस के सामने सरेंडर किया।
सरेंडर से पहले डाला वीडियो
पुलिस की जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (एमटीडीसी) के कर्मचारी अखिलेश शुक्ला (48), उनकी पत्नी गीता (45) ने मराठी परिवार से झगड़ा किया था। इसके बाद परिवार के सदस्यों से मारपीट भी की थी। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ निरीक्षक अमरनाथ वाघमोड़े ने बताया कि अखिलेश शुक्ला ने खड़कपाड़ा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार हम अन्य आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि सरेंडर करने से पहले आत्मसमर्पण करने से पहले शुक्ला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि पीड़ितों के परिवार के सदस्यों ने उनकी पत्नी की पिटाई की।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार यह हमला 18 दिसंबर की रात करीब पौने नौ बजे किया गया तथा आरोपी और पीड़ित कल्याण में इमारत की एक ही मंजिल पर रहते हैं। प्राथमिकी के अनुसार पीड़ित ने शुक्ला को अपने एक पड़ोसी से अगरबत्ती जलाने को लेकर झगड़ते देखा। पीड़ित ने शुक्ला से शांति बनाए रखने और पूरे मराठी भाषी समुदाय को गाली न देने और अपमानित न करने को कहा। यह सुनते ही आरोपी दंपती भड़क गए और उन्होंने आठ से दस अन्य लोगों की मदद से पीड़ित और उसकी पत्नी की पिटाई कर दी। शुक्रवार को इस मुद्दे को शिवसेना यूबीटी के विधायक सचिन अहिर ने विधान परिषद में उठाया।
संजय राउत ने उठाया था मामला
कल्याण पश्चिम की सोसाइटी की घटना को उद्धव ठाकरे की पार्टी के नेता संजय राउत ने उठाया था। राउत ने कहा था कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद मराठी भाषी लोगों पर हमले बढ़ गए हैं। राउत ने आरोप लगाया कि मराठाओं को मुंबई और पड़ोसी इलाकों से बाहर निकालने के लिए माहौल बनाया जा रहा है। कल्याण में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए कहा था कि जहां गैर-मराठी भाषी लोगों ने कथित तौर पर एक मराठी भाषी परिवार पर हमला किया। राउत ने कहा कि मराठी मानुष पर हमला करने की साजिश रची जा रही है। कल्याण इसकी शुरुआत है। ऐसा माहौल बनाया जा रहा है कि मराठी मानुष ठाणे और कल्याण में न रहें। राउत ने शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को शिवसेना बताने वाले अयोग्य हैं। कल्याण की घटना को लेकर चिंतित नहीं हैं।