ISRO Mission Launch Today: आज लॉन्च होगा इसरो का स्पैडेक्स मिशन, जानें इसकी अहमियत
इसरो का PSLV-C60 SpaDeX मिशन आज लॉन्च होगा। मिशन में 220-220 किग्रा वजन वाले दो स्पेसक्राफ्ट SDX01 और SDX02 पृथ्वी की निचली कक्षा में डॉक करेंगे।
New Delhi: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) आज अपने स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट (स्पैडेक्स) मिशन को लॉन्च करने वाला है। इस मिशन को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) शार से लॉन्च किया जाएगा। मिशन की सफलता के साफ भारत रूस, अमेरिका और चीन के बाद इस लिस्ट में शामिल होने वाला चौथा देश बन जाएगा। चलिए जानते हैं इस मिशन के बारे में और यह कितने बजे शुरू होगा।
क्या है PSLV-C60 SpaDeX Mission?
स्पैडेक्स (स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट) मिशन में दो छोटे अंतरिक्ष यान- SDX01 और SDX02 शामिल होंगे। इन दोनों स्पेसक्राफ्ट का वजन 220-220 किलोग्राम है। ये जुड़वां स्पेसक्राफ्ट पृथ्वी की निचली कक्षा (LEO) में डॉक करने का प्रयास करेंगे, जो भारत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी और एडवांस अंतरिक्ष ऑपरेशन के लिए मददगार होगी। इस मिशन को PSLV (पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल) रॉकेट (PSLV-C60) से लॉन्च किया जाएगा।
बता दें कि अंतरिक्ष में तेजी से ट्रैवल कर रहे दो स्पेसक्राफ्ट को मिलाने की इस प्रोसेस को डॉकिंग कहा जाता है। चंद्रमा के मिशन से लेकर भारत के स्वयं के अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना तक, स्पैडेक्स मिशन भविष्य के अंतरिक्ष प्रयासों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
कब और कितने बजे लॉन्च होगा PSLV-C60 SpaDeX Mission?
भारत अपने अभूतपूर्व स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट (स्पेडेक्स) मिशन को 30 दिसंबर, 2024 को लॉन्च करने वाला है। इसे आज रात 9:58 बजे इसे लॉन्च किया जाएगा।
कहां देख सकेंगे लाइव
स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट (स्पैडेक्स) मिशन को इसरो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव ब्रॉडकास्ट किया जाएगा। यानी आप घर बैठे इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बन सकते हैं। लाइव प्रसारण भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे शुरू होगा। आप इसरो के सभी सोशल मीडिया चैनल पर भी लॉन्च का अपडेट देख सकते हैं।
भारत के लिए क्यों है
स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट (स्पैडेक्स) मिशन की सफलता, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (BAS) के बनने और चंद्रयान-4 मिशन की सफलता को तय करने के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे में भारत के साथ दुनियाभर की निगाहें इस लॉन्च पर होंगी।