Golden Temple Firing Video: अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला, सामने आया फायरिंग का वीडियो
अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला किया गया। वह बाल-बाल बच गए। हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक शख्स रिवॉल्वर निकालकर सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग करने की कोशिश करता है।
Amritsar, Punjab: अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला किया गया। वह बाल-बाल बच गए। हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक शख्स रिवॉल्वर निकालकर सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग करने की कोशिश करता है। हालांकि, वहां खड़े शख्स उसे रोक देते हैं।
यह हमला तब हुआ, जब सुखबीर सिंह बादल 2 दिसंबर को श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा उनके लिए घोषित धार्मिक दंड के तहत ‘सेवा’ कर रहे थे। बुधवार को वह व्हील चेयर से स्वर्ण मंदिर पहुंचे थे और सजा के तहत स्वर्ण मंदिर के गेट पर भाला पकड़े पहरेदारी कर रहे थे। इस दौरान उनके गले में सजा वाली तख्ती भी लटकी थी। इस दौरान एक शख्स ने उनपर गोली चला दी।
आरोपी की हुई पहचान
गोली चलते ही आरोपी को आसपास मौजूद लोगों ने दबोच लिया, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। घटना के बाद एडीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि स्वर्ण मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। सुखबीर सिंह बादल को उचित सुरक्षा दी गई थी। उन्होंने बताया कि हमलावर की पहचान नारायण सिंह चौरा के रूप में हुई है। वह कल भी स्वर्ण मंदिर आया था। आज भी आया और मंदिर में माथा टेककर वापस आकर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है।