मुंबई

BMC चुनाव में उद्धव अकेले, शिंदे महायुति संग देंगे चुनौती!

Spread the love

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा शिवसेना बीएमसी चुनाव महायुति संग लड़ेगी, जिसमें BJP, शिवसेना व NCP शामिल हैं, जबकि शिवसेना (UBT) अकेले मैदान में उतरेगी।

Mumbai: अगले साल होने वाले बीएमसी चुनाव के लिए शिवसेना ने बड़ी घोषणा की है। शिवसेना ने घोषणा की है कि वो महायुति के साथ मिलकर बीएमसी लड़ेगी। यह घोषणा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खुद की है। शिंदे ने पूर्व बीएमसपी पार्षदों, पार्टी विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद ये घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुंबई को देश का पावरहाउस बनना है। इसके लिए महायुति को बीएमसी पर नियंत्रण करना होगा। जैसे राज्य और केंद्र में है। शिंदे ने कहा कि BMC चुनाव सभी 227 वार्डों में महायुति के रूप में लड़ा जाएगा। भाजपा, शिवसेना और एनसीपी महायुति गठबंधन का हिस्सा हैं। शिंदे की यह टिप्पणी महत्वपूर्ण है क्योंकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (UBT) जो विपक्षी एमवीआ का हिस्सा है ने संकेत दिया है कि वह BMC चुनाव अकेले लड़ सकती है।

शिंदे ने कही ये बात
शिंदे ने कहा कि उनके नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने मुंबई के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने सड़कों को गड्ढों से मुक्त बनाने, गहरी सफाई अभियान और स्वास्थ्य विभाग में काम करने के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। महायुति सरकार द्वारा अपने पहले कार्यकाल (30 जून, 2022-4 दिसंबर, 2024) में किए गए कार्यों का असर राज्य विधानसभा चुनावों में दिखा। सत्तारूढ़ गठबंधन ने मुंबई की 36 में से 22 सीटें जीतीं। अपने प्रतिद्वंद्वी और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए शिंदे ने कहा कि पहले सत्ता में रहने वालों ने वह काम नहीं किया जो किया जाना चाहिए था। अविभाजित शिवसेना ने 1997 से 2022 तक लगातार 25 वर्षों तक BMC पर नियंत्रण किया।

बैठक में हुई ये चर्चा
इससे पहले बैठक में, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नवनिर्वाचित विधायकों ने पार्टी को मजबूत करने पर अपने विचार रखे। शिवसेना सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का दूसरा सबसे बड़ा घटक है। एक शिवसेना विधायक ने कहा कि विधायकों ने जोर दिया कि पार्टी को बूथ स्तर पर काम करना चाहिए। मुंबई में संगठन को मजबूत करने के प्रयास किए जाने चाहिए। हर नागरिक वार्ड में सदस्यता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

विधानसभा चुनाव में शिंदे सेना ने जीतीं थी 57 सीटें
एक अन्य विधायक ने कहा कि देश के सबसे अमीर नागरिक निकाय के चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। बीएमसी का बजट वर्ष 2024-25 के लिए लगभग 60,000 करोड़ रुपये है। पार्टी नेताओं ने महसूस किया कि नवंबर के विधानसभा चुनावों में शिवसेना द्वारा प्राप्त गति को बीएमसपी चुनावों तक ले जाना चाहिए। पार्टी ने विधानसभा चुनावों में 57 सीटें जीतीं। शिवसेना ने मुंबई में छह विधानसभा सीटें जीतीं थी। बता दें कि बीएमसी के पिछले निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल मार्च 2022 की शुरुआत में समाप्त हो गया था और लगभग तीन वर्षों से नए चुनाव होने हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button