नई दिल्ली

BJP महिला लीडरशिप से मजबूत, हर बूथ कमिटी में हिस्सेदारी

Spread the love

BJP हर बूथ कमिटी में महिलाओं को शामिल कर नारी शक्ति वंदन कानून के लागू होने तक महिला नेतृत्व को तैयार कर भविष्य के नेतृत्व का निर्माण कर रही है।

New Delhi: बीजेपी (BJP) हर राज्य में हर बूथ कमिटी में महिला कार्यकर्ताओं को जगह देकर भविष्य की महिला लीडरशिप तैयार कर रही है। लगभग सभी राज्यों में बीजेपी ने बूथ कमिटी गठित कर ली है और हर बूथ कमिटी में कम से कम तीन महिलाओं को जगह दी गई है।

बीजेपी नेताओं के मुताबिक, नारी शक्ति वंदन कानून जब लागू हो जाएगा तो महिलाओं को विधायिका और संसद में 33% आरक्षण मिलेगा, तब तक पार्टी महिला नेतृत्व तैयार कर रही है।

बीजेपी सांसद और मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वी. डी. शर्मा ने कहा कि हम जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व तैयार कर रहे हैं। हर बूथ कमिटी में एक कमिटी इंचार्ज के साथ 12 सदस्यों को रखा गया है। इसमें कम से कम तीन महिलाएं रखना जरूरी किया गया है। अगर 12 सदस्यों में तीन महिलाएं नहीं हैं तो उन बूथ में महिलाओं की संख्या तीन करने के लिए सदस्यों की संख्या 13 तक कर दी गई है। मध्य प्रदेश में सारे बूथों पर यह काम हो गया है और देश भर में इसी तरह महिला नेतृत्व तैयार करने की कोशिश हो रही है।

बीजेपी ने पिछले दिनों देश भर में सदस्यता और फिर सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया। हर राज्य को टारगेट दिया गया था कि उस राज्य में लोकसभा चुनाव में पार्टी को जितने वोट मिले कम से कम उसका 75% पार्टी के सदस्य बनें। वी. डी. शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश में हमने 75% का आंकड़ा पार कर लिया है। पार्टी को लोकसभा में मध्य प्रदेश में 2 करोड़ 24 लाख वोट मिले थे और हमने मध्य प्रदेश में पार्टी के 1 करोड़ 75 लाख सदस्य बनाए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष फरवरी तक!

बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष फरवरी में मिलने की उम्मीद है। बीजेपी के एक नेता के मुताबिक, अभी जिला स्तर पर चुनाव पूरे होने हैं जिसके बाद 15 जनवरी तक प्रदेश स्तर पर चुनाव पूरे किए जाने हैं। 50% से अधिक राज्यों में चुनाव होने के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव भी होने हैं, हो सकता है कि इसके बाद बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिले। बीजेपी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पहले ही पूरा हो चुका है लेकिन पार्टी ने उन्हें नया अध्यक्ष चुने जाने तक एक्सटेंशन दिया हुआ है। अब वह केंद्रीय मंत्री भी हैं।

संघ का करीबी होगा नया अध्यक्ष?

बीजेपी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, इस पर तमाम तरह के कयास लग रहे हैं। हर रोज नए-नए नाम सामने आ रहे हैं। तमाम तरह के समीकरणों के जोड़ तोड़ के हिसाब से नामों पर चर्चा हो रही है। लेकिन बीजेपी नेता अनौपचारिक बातचीत में एक बात जरूर कह रहे हैं कि जो भी अध्यक्ष होगा, वह राष्ट्रीय स्वंसेवक संघ का करीबी होगा। हालांकि ये कौन होगा, इसे लेकर जो चर्चाएं हैं वो बस कयास ही हैं। लोकसभा चुनाव के वक्त यह चर्चाएं रहीं कि संघ और बीजेपी में सबकुछ ठीक नहीं है। संघ प्रमुख मोहन भागवत के कई बयानों से भी इसी तरह का संदेश गया। चुनाव नतीजों के बाद समीक्षा में संघ ने पाया कि पार्टी का संगठन कई राज्यों में काफी कमजोर हुआ है। जिसके बाद तय किया गया कि संगठन को मजबूत करने के लिए अब नए सिरे से रणनीति बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button